बहसूमा (मेरठ)। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीपीएम पब्लिक स्कूल, बहसूमा में बुधवार को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहसूमा थाना प्रभारी रविंद्र पवार ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी एवं थाना प्रभारी रविंद्र पवार ने संयुक्त रूप से पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि रविंद्र पवार ने अपने संबोधन में कहा कि "आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी सफलता मिल सकती है।" उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी ने कहा कि डीपीएम पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय दायित्वों के निर्वहन के लिए भी निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन या विशेष अवसरों पर पौधे अवश्य लगाएं और उनकी देखभाल भी करें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जिया ज़ैदी ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और इनके बिना स्वस्थ पर्यावरण की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।