बसपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष केपी सिंह का भव्य स्वागत, 2027 में मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प
हापुड़। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष केपी सिंह का गुरुवार को हापुड़ में पहली बार आगमन होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मेरठ तिराहे पर बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और "जय भीम" व बसपा के नारों के बीच उनका अभिनंदन किया। स्वागत जुलूस के बाद केपी सिंह ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केपी सिंह ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान व जिम्मेदारी दी जाएगी। संगठन में सभी को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बसपा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पार्टी की नीतियों और बहुजन हितों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया।
केपी सिंह ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कुमारी मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को नई ऊर्जा के साथ मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बसपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर स्वागत करने वालों में हीरालाल मास्टर, राजकुमार सागर, खालिद राणा, अभिषेक कुमार, राजन, सन्नी, आकाश कुमार, कैलाश हल्द्वानी, दिनेश कुमार, एडवोकेट रॉबिन गालंद, मनीष कुमार, मोनू जाटव, नितिन कुमार, अजब सिंह, अरुण कुमार, दीनदयालआदि कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद है।