बदायूं। जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान मामा भांजे के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामा ने विवाद के बाद अपने भांजे को गोलियां मार कर मौत के घाट उतार दिया। विवाद के दौरान बीच बचाव को उतरी बहन को भी गोली मार दी जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसका इलाज मेडीकल कालेज में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव का पीएम कराया है और हत्यारे मामा की तलाश शुरु कर दी है।

थाना क्षेत्र के गांव बख्तपुर का रहने वाला वीरसिंह अपनी बहन संतोषी और भांजे आकाश के साथ रहता है। वीरसिंह की पत्नी कन्यावती पति से विवाद के बाद अपने मायके चली गई थी जिसको लेकर मामा भांजे में शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया जो मारपीट में बदल गया जिसके बाद मामा वीरपाल कही से तमंचा ले आया और भांजे आकाश के सीने में दो गोली मार दी जिससे उसकी तड़प तड़प कर मौत हो गयी।

बताते है कि इस दौरान आकाश को बचाने आई उसकी मां को भी वीरपाल ने गोली मार दी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हत्या कांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।