
एटा जनपद के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के झकरई भट्ठे के पास गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से छोटा हाथी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि चालक करीब 20 मिनट तक वाहन के स्टेयरिंग में फंसा रहा। राहगीरों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर सीएचसी अलीगंज पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। 
जानकारी के मुताबिक घायल चालक की पहचान लक्ष्मण पुत्र राघवेंद्र, उम्र 32 वर्ष, निवासी नगला कुंवारी, थाना नवाबगंज, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। लक्ष्मण छोटा हाथी लेकर नगला अचल, थाना जसरथपुर से दिल्ली जा रहे थे। 
जैसे ही वह झकरई भट्ठे के पास पहुंचे, तभी अलीगंज की ओर से आ रहे लकड़ी से भरे अज्ञात ट्रैक्टर ने उनके वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छोटा हाथी सड़क किनारे पलट गया और चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत डायल-112 और एंबुलेंस को सूचना दी। कोतवाली अलीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर घायल को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस से सीएचसी अलीगंज भिजवाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने लक्ष्मण की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायल को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।