उत्कृष्ट कार्यशैली का मिला सम्मान, कार्यपालन यंत्री महेंद्र मईड़ा बने अधीक्षक अभियंता

आलोट। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहर संभाग आलोट में पिछले छह वर्षों तक अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और जनहितैषी कार्यशैली से अलग पहचान बनाने वाले कार्यपालन यंत्री (डीई) महेंद्र मईड़ा को अधीक्षक अभियंता (एसई) के पद पर पदोन्नति मिलने पर विद्युत विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई। पदोन्नति की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

श्री मईड़ा के कार्यकाल को आलोट शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लिए उपलब्धियों भरा माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में किसानों से जुड़ी विद्युत योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कृषि पंप कनेक्शन, विद्युत आपूर्ति में सुधार तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दी गई। किसानों के हितों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिला। उनकी कार्यशैली हमेशा परिणामोन्मुखी और जनहित को केंद्र में रखने वाली रही।

पदोन्नति पर आलोट शहर के कनिष्ठ यंत्री अमित पाटीदार, ग्रामीण कनिष्ठ यंत्री दीपक शर्मा, लाइन स्टाफ जितेंद्र धाकड़, रामदास, वी.के., मोहर सिंह मीणा, नागेंद्र सिंह सोलंकी, विजय गोतेल, रामवीर मीणा एवं पंकज परमार सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने मईड़ा का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी लगन, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रही है।

सहकर्मियों ने शुभकामना संदेश में कहा कि "आपकी लगन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली का यह सम्मान निश्चित ही प्रेरणादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करें तथा स्वस्थ, सुखी एवं यशस्वी जीवन का आनंद लें।"

विभागीय कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि महेंद्र मईड़ा अपने अनुभव और कुशल नेतृत्व से अधीक्षक अभियंता के रूप में भी विद्युत व्यवस्था को नई दिशा देंगे तथा उपभोक्ताओं और किसानों के हित में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करते रहेंगे।