संभल: उत्तर प्रदेश में सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को संभल जिले के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के मुक़र्रबपुर गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी बंजर भूमि पर बने कथित अवैध इमामबाड़े और हजरत शाह मियां नीम मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई तहसीलदार कोर्ट के आदेश के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
प्रशासन के अनुसार, सरकारी बंजर भूमि पर करीब 50 वर्ष पहले अतिक्रमण किया गया था। लगभग 2950 वर्गमीटर क्षेत्र में इमामबाड़ा और 312 वर्गमीटर में मजार का निर्माण किया गया था। जिस जमीन पर यह निर्माण था, उसकी अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच बुलडोजर और एक पोकलेन मशीन की मदद से अवैध ढांचों को हटाया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, पीएसी और आरएएफ के 50 से अधिक जवान मौके पर तैनात रहे। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई थी।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इस वर्ष 2 मई को लेखपाल ने मामले की शिकायत तहसीलदार न्यायालय में दर्ज कराई थी। सुनवाई के दौरान इमामबाड़े और मजार की देखरेख करने वालों से स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद 12 जुलाई को तहसीलदार कोर्ट ने दोनों निर्माणों को अवैध मानते हुए उन्हें हटाने का आदेश जारी किया।
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पूरी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।