विशेष खबर

समृद्ध और विकसित आलोट-2047 का विजन, लेकिन 2026 की समस्याओं पर कब होगा ध्यान?

आलोट। मध्यप्रदेश शासन के "समृद्ध मध्यप्रदेश-2047" विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को अंबेडकर भवन में बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के जीवन-यापन, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक विषयों पर सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। भविष्य की योजनाएं बनाना निश्चित रूप से स्वागत योग्य पहल है, लेकिन नगरवासियों का मानना है कि वर्ष 2047 की तस्वीर संवारने से पहले 2026 की जमीनी समस्याओं पर भी गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।बैठक में जिन विषयों पर सुझाव मांगे गए हैं, उन्हीं क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि और यातायात जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं में लंबे समय से सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों की भारी कमी

आलोट विकासखंड में लगभग 269 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय तथा करीब 29 हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय संचालित हैं। अधिकांश विद्यालयों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। वर्तमान में 277 अतिथि शिक्षकों की भर्ती के लिए पोर्टल खुला हुआ है, जो स्वयं इस बात का संकेत है कि नियमित शिक्षकों की भारी कमी है। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों की पढ़ाई काफी हद तक अतिथि शिक्षकों पर निर्भर है।

स्वास्थ्य सुविधाएं भी अपेक्षाओं से दूर

नगर का सरकारी अस्पताल पर्याप्त संसाधनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों के अभाव से जूझ रहा है। मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद अक्सर बड़े अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। कई बार कर्मचारियों के साथ विवाद और मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

रोजगार के अवसर सीमित

आलोट क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए भूमि, बिजली, पानी, श्रमिक और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद बड़े उद्योग स्थापित नहीं हो सके हैं। इसके चलते युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार नहीं मिल पा रहा है। कई युवा छोटे व्यवसाय या निजी फाइनेंस कंपनियों में कार्य करने को मजबूर हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में गुजरात, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों का रुख कर रहे हैं।

किसानों की बढ़ती परेशानी

क्षेत्र की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार कृषि है, लेकिन लगातार बदलते मौसम, खाद-बीज और कृषि यंत्रों की बढ़ती कीमतों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसान समय-समय पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन और ज्ञापन भी सौंपते रहे हैं, फिर भी उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

अतिक्रमण और यातायात की समस्या

नगर की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। बाजार क्षेत्र में वाहनों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

जनता की उम्मीद

नगरवासियों का कहना है कि "समृद्ध आलोट-2047" का विजन तभी सार्थक होगा, जब वर्तमान की मूलभूत समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता से किया जाए। यदि इस बैठक में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और यातायात जैसी समस्याओं पर ठोस चर्चा कर समाधान की दिशा में पहल करते हैं, तो यह वास्तव में आलोट और क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।