अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद जिले के महमूदपुरा इलाके में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।


दोपहर में लगी आग, पूरे कारखाने को लिया चपेट में

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वस्त्राल क्षेत्र के रामोल-गतराद रोड स्थित महमूदपुरा की टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में दोपहर के समय अज्ञात कारणों से आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पटाखे और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।


दमकल और राहत दल ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां, एम्बुलेंस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और फैक्ट्री के भीतर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।


8 लोगों की मौत, कई घायल

प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।


महापौर और मनपा आयुक्त पहुंचे घटनास्थल

हादसे की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद के महापौर और नगर निगम आयुक्त भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री आरएएफ कैंप के पीछे वस्त्राल क्षेत्र के पास झोपड़ीनुमा ढांचे में संचालित की जा रही थी। प्रारंभिक तौर पर इसी वजह से आग तेजी से फैलने की बात सामने आ रही है।


आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों और फैक्ट्री के संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।