कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों के साथ जन शिकायतों की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश
डीएम ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि मौके पर जांच कर वास्तविक समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
भूमि विवादों के संयुक्त निस्तारण पर जोर
भूमि संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने और विवादों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर प्रकरणों में मौके पर जाकर जांच की जाए ताकि अनावश्यक विवाद और लंबित मामलों की संख्या कम हो सके।
189 शिकायतें आईं, 12 का मौके पर हुआ समाधान
समाधान दिवस में कुल 189 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें राजस्व विभाग की 65, पुलिस की 46, विद्युत की 28, विकास की 21, आपूर्ति विभाग की 8, नगर पालिका एवं नगर पंचायत की 5 तथा अन्य विभागों की 16 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।