हस्तिनापुर। शनिवार को नगर की डिफेंस कॉलोनी में एक मकान के आसपास सांप दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। सांप को देखकर परिजनों और आसपास के लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। इसके बाद मामले की सूचना वन विभाग की अधिकारी खुशबू उपाध्याय को दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने वन विभाग के कर्मचारी नितिन त्यागी को मौके पर भेजा।
नितिन त्यागी ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली और दहशत का माहौल समाप्त हुआ। वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि पकड़ा गया सांप घोड़ा पछाड़ प्रजाति का है, जिसमें जहर नहीं होता है।
मकान मालिक शंकर ठाकुर और आदि कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से सांप कॉलोनी के आसपास घूम रहा था। लगातार हो रही बारिश के कारण खाली पड़े प्लाटों में झाड़ियां और कबाड़ बढ़ गया है। इसी वजह से सांप और अन्य जीव-जंतुओं के निकलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में छोटे बच्चे भी खेलते हैं, जिसके कारण परिवारों को लगातार चिंता बनी रहती थी कि कहीं कोई अनहोनी न हो जाए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सांप दिखाई देने के बाद कॉलोनी में काफी देर तक भय का माहौल रहा। लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर भेजने में भी घबरा रहे थे। वन विभाग की टीम के पहुंचने और सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद लोगों ने राहत महसूस की।
वन विभाग के कर्मचारी नितिन त्यागी ने लोगों से अपील की कि यदि किसी को इस प्रकार का सांप अथवा कोई जहरीला सांप दिखाई दे तो उसे मारने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित कर्मचारी मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित पकड़ सकें।
सांप के पकड़े जाने पर डिफेंस कॉलोनी निवासी संजीव, शंकर ठाकुर और आदि कुमार समेत अन्य लोगों ने वन विभाग की टीम और कर्मचारी नितिन त्यागी का आभार जताया।