एटा पुलिस ने 'ऑपरेशन CY-VAJRA' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल और SOG की संयुक्त टीम ने CBI अधिकारी बनकर हैदराबाद के एक व्यक्ति से 8 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. इलामारन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में साइबर मुख्यालय से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच की गई। जांच में पता चला कि ठगी की रकम जैथरा निवासी नितेश बाबू के खाते में ट्रांसफर की गई थी।



पुलिस के अनुसार, नितेश बाबू और उसके साथी सोभित चौहान उर्फ कल्लू ने उसी दिन दो चेक के माध्यम से 8 लाख रुपये निकाल लिए थे। बैंक की सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को राजकीय महाविद्यालय तरगवां के पास से गिरफ्तार किया।



गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, एक एटीएम कार्ड, एक बैंक किट स्लिप और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। दोनों के खिलाफ थाना जैथरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।



पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह ठगी के लिए अलग-अलग 'म्यूल खातों' का इस्तेमाल करता था। ठगी की रकम इन खातों में आने के तुरंत बाद एटीएम या चेक के जरिए निकाल ली जाती थी और आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इस सफल कार्रवाई को जैथरा थाना प्रभारी सुनील वर्मा, साइबर सेल प्रभारी दीक्षित कुमार और SOG प्रभारी श्रवण निगम की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।