मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में सोमवार तड़के चोरी की वारदात सामने आई। चोरों ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर रखी दान गुल्लक के ताले तोड़कर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता सोमवार सुबह मंदिर के कपाट खुलने के बाद चला, जिससे मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।

मंदिर प्रशासन ने घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मंदिर प्रशासन की ओर से मामले में एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल होने के बावजूद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। लोगों ने मंदिर के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने, उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।