इटावा: उत्तर प्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाली अटल एक्सप्रेसवे परियोजना को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के तहत इटावा जिले की ताखा तहसील के कुदरैल गांव में राज्य का पहला ऐसा ट्रंपेट इंटरचेंज बनाया जाएगा, जहां तीन प्रमुख एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ेंगे। इसके पूरा होने के बाद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और अटल एक्सप्रेसवे के बीच बिना रुके आवागमन संभव हो सकेगा।
करीब 15,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 414 किलोमीटर लंबा अटल एक्सप्रेसवे राजस्थान के कोटा को मध्य प्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश के इटावा से जोड़ेगा। पहले यह परियोजना चंबल एक्सप्रेसवे के नाम से प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में अटल एक्सप्रेसवे रखा गया है।
परियोजना के निर्माण के लिए कुदरैल गांव में लगभग 120 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मंजूरी मिल चुकी है। इसके पूरा होने पर इटावा उत्तर प्रदेश का पहला जिला बन जाएगा, जहां राज्य के तीन प्रमुख हाई-स्पीड रोड कॉरिडोर एक ही इंटरचेंज से जुड़े होंगे।
अटल एक्सप्रेसवे के निर्माण से राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन अधिक तेज और सुगम होगा। साथ ही प्रदेश के करीब 12 जिलों की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य है कि वाहन चालकों को एक एक्सप्रेसवे से दूसरे एक्सप्रेसवे पर जाने के लिए कहीं रुकना न पड़े, जिससे यात्रा का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
परियोजना के तहत इंटरचेंज के आसपास लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउस, होटल, फ्यूल स्टेशन और ट्रॉमा सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सरकार का मानना है कि अटल एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि चंबल क्षेत्र के समग्र विकास का आधार बनेगा। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, उद्योग और कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जबकि पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। कभी डाकुओं के लिए चर्चित रहा चंबल क्षेत्र अब हाई-स्पीड कनेक्टिविटी और विकास की नई पहचान बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।