बाराबंकी (यूपी) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने दोनों दलों को विरासत और विकास का विरोधी बताते हुए कहा कि उनकी सरकार आस्था, पर्यटन और आधारभूत विकास को साथ लेकर प्रदेश को नई दिशा दे रही है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 542 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही रामनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या की तर्ज पर विकसित की जा रही है, जिससे बाराबंकी धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा।

लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर की प्रमुख विशेषताएं

  • लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में विकसित होगा भव्य कॉरिडोर।
  • मंदिर के चारों ओर आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिक्रमा मार्ग बनाया जाएगा।
  • चारों दिशाओं में नक्काशीदार भव्य प्रवेश द्वार स्थापित किए जाएंगे।
  • निर्माण कार्य में राजस्थान से मंगाए गए मकराना पत्थरों का उपयोग होगा।
  • पारंपरिक और आधुनिक वास्तुकला का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा।
  • श्रद्धालुओं के लिए दुकानें, क्लॉक रूम, विश्राम गृह, शौचालय और स्नानघर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
  • परिसर स्थित अमृत सरोवर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
  • पर्यटकों के लिए उद्यान, बैठने की व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं का भी विकास होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर के निर्माण से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, छोटे कारोबार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।