संतकबीरनगर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने संतकबीरनगर में अपने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए सेमरियावां विकास खंड के अगया गांव निवासी सेराज अहमद को पार्टी का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह मनोनयन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से किया गया।
सेराज अहमद को संगठन की कमान सौंपे जाने के बाद जिले के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी और उत्साह का माहौल है। पार्टी नेतृत्व ने भरोसा जताया है कि उनके नेतृत्व में AIMIM जिले में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाएगी तथा गांव-गांव तक अपनी पहुंच को विस्तार देगी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सेराज अहमद ने पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने, समाज के हर वर्ग की आवाज़ बनने और जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व जिलाध्यक्ष इरशाद आलम को प्रदेश कार्यकारिणी में नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रदेश सचिव मेराज अहमद, पूर्वांचल महासचिव हाजी शफीक आलम, प्रदेश संयुक्त सचिव सुनील कुमार यादव, साकिब अंसारी, राशिद मलिक, मोहम्मद अहमद, फिरोज अहमद, गुलाम नबी इदरीशी, मजहर अली, जावेद अख्तर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने सेराज अहमद को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।