संत कबीर नगर। डॉ. सबीहा मुमताज़ के दिशा-निर्देशन में राजकीय जिला पुस्तकालय, संत कबीर नगर में सोमवार को विभिन्न प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक श्री उपेन्द्र कुमार ने पुस्तकालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पाठकों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण और अध्ययन के प्रति प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने नवसज्जित बाल कक्ष, डिजिटल लाइब्रेरी, पुस्तकों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, अनुशासन व्यवस्था तथा पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे नवाचारों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि समाज में ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त केंद्र है।
इस अवसर पर राजकीय जिला पुस्तकालय की अभिनव पहल "BOOK IN THE SPOT LIGHT" का शुभारंभ भी किया गया। इस नवाचार के अंतर्गत जुलाई माह के लिए "इतिहास-पुरुष सुभाष" पुस्तक को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया, ताकि पाठकों को भारत के महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से प्रेरणा प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक श्री उपेन्द्र कुमार ने पुस्तकालय परिसर में नीम एवं शीशम जैसे औषधीय एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का पौधरोपण कर हरित वातावरण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा सचिव श्री जोखू प्रसाद, पुस्तकालय के समस्त कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पाठक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ज्ञान, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।