एटा जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र के अहमदपुर कला गांव में मंगलवार दोपहर एक हादसा हो गया। छत पर कपड़े सुखाते समय पैर फिसलने से एक 28 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान रश्मि पत्नी प्रहलाद के रूप में हुई है। वह करीब साढ़े आठ माह की गर्भवती थीं। रश्मि की शादी सात साल पहले प्रहलाद पुत्र विजय से हुई थी। उनके दो छोटी बेटियां भी हैं, जिनमें सौम्भया (4 वर्ष) और खुशी (3 वर्ष) शामिल हैं।

मृतका के देवर रवि ने बताया कि उनकी भाभी छत पर कपड़े सुखाने गई थीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वे नीचे गिर गईं। गंभीर हालत में उन्हें जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. हसमुद्दीन ने बताया कि परिजनों द्वारा महिला को दोपहर करीब 2:20 बजे अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद महिला को मृत पाया गया। उन्होंने पुष्टि की कि महिला साढ़े आठ माह की गर्भवती थी।

थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी जाएगी।