बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जनपद के अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन,स्वच्छता,पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा व्यवस्था, पार्किग स्थलों, डायवर्जन व्यवस्था व विश्राम स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत रुप से समीक्षा की गई । जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने, सोशल मीडिया की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए ।गोष्ठी में सीडीओ श्रीमती गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह सहित जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।