हस्तिनापुर (मेरठ)। हस्तिनापुर की पॉश डी-ब्लॉक कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर एक किराना व्यापारी के घर से 12 लाख रुपये नकद और 8 तोले सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ पंकज लवानिया और थाना प्रभारी हस्तिनापुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कराई।
जानकारी के अनुसार, डी-ब्लॉक कॉलोनी निवासी हरीश की मुख्य मार्ग पर थाने के सामने किराना दुकान है। घटना के समय हरीश अपने बेटे मोहित के साथ दुकान पर मौजूद थे। मोहित ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे नाश्ता करने के बाद वह घर के मुख्य गेट पर ताला लगाकर दुकान चला गया था।
दोपहर करीब एक बजे हरीश के ताऊ सुरेंद्र, जो पास में ही रहते हैं, भोजन कर लौट रहे थे। उन्होंने देखा कि हरीश के घर का मुख्य गेट खुला हुआ है और पालतू कुत्ता बाहर घूम रहा था। इस पर उन्होंने तुरंत हरीश को सूचना दी। हरीश और उनका बेटा जब घर पहुंचे तो एक कमरे में रखी तिजोरी खुली मिली और उसका लॉकर टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि तिजोरी में रखे 12 लाख रुपये नकद और 8 तोले सोने के आभूषण गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ पंकज लवानिया और थाना प्रभारी हस्तिनापुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित व्यापारी व परिजनों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही पुलिस आसपास के मकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।