गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने हर फरियादी को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार जनता की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


अधिकारियों को सख्त निर्देश, लापरवाही किसी भी हाल में नहीं होगी बर्दाश्त

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो और प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार किया जाए।


राजस्व और पुलिस मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों के मामलों में पहले आपसी संवाद और समझौते का प्रयास किया जाए। यदि आवश्यकता हो, तभी विधिक प्रक्रिया अपनाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष समाधान होना चाहिए, ताकि लोगों का सरकार पर विश्वास और मजबूत हो।


गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार देगी आर्थिक सहायता

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तत्काल उच्च स्तरीय अस्पतालों से इलाज का एस्टीमेट तैयार कराकर शासन को भेजा जाए, ताकि सरकार जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध करा सके।


पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के भी दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि इलाज के लिए कोई पात्र व्यक्ति परेशान न हो। इसके लिए सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड जल्द से जल्द बनवाए जाएं, ताकि उन्हें सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।


जनता की समस्याओं के समाधान को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का निस्तारण गुणवत्ता और संतुष्टि के साथ किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और शासन-प्रशासन के प्रति उनका भरोसा कायम रहे।