मेरठ, 23 जुलाई। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई 2026 को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं एवं युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को एससी अधिवक्ता संघ, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी मेरठ के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा आंदोलनकारी छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाया जाए। साथ ही आंदोलन में शामिल छात्र-छात्राओं एवं युवाओं पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाएं। अधिवक्ताओं ने निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराकर लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा केंद्र सरकार से इस घटना पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग उठाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार प्रदान करता है। ऐसे में छात्रों और युवाओं पर बल प्रयोग लोकतंत्र की मूल भावना तथा संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सरकार को दमनात्मक कार्रवाई के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए तथा युवाओं की समस्याओं का न्यायपूर्ण और संवेदनशील समाधान निकालना चाहिए।
एससी अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया कि संगठन संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर आगे भी अपना आंदोलन जारी रखेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के अध्यक्ष एडवोकेट सतीश कुमार राजवाल, महामंत्री एडवोकेट रजनीश कुमार खजूरी, अशोक सागर (राष्ट्रीय सचेतक, समता सैनिक दल), राजेंद्र राणा (पूर्व महामंत्री, मेरठ बार एसोसिएशन), प्रवीण सुधार (पूर्व महामंत्री, कलेक्ट्रेट बार मेरठ) सहित रामदास, अश्वनी कुमार, सलमान, अनिल कुमार, सी.पी. सिंह, नेत्रपाल सिंह कौल, राजकुमार, सचिन विराट, सतेंद्र कुमार, सतीश चंद्र भारती, विजय प्रबोध, सन्नी सागर बौद्ध, मनीष कुमार, नीशु कुमार, रविश चंद, सुभाष जयजान, उमेश कुमार, रविंद्र वर्मा, संदीप भटीपुरा, रविंद्र सिंह, मनोज फत्ताउल्लापुर, विपिन कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार, ब्रजपाल, अर्जुन रोहटा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं मीडिया समन्वय नेत्रपाल सिंह कौल (मीडिया प्रभारी) तथा राजकुमार (प्रचार मंत्री) द्वारा किया गया।