नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। डीएमआरसी के अनुसार, आज सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक 17 मेट्रो स्टेशनों को यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद रहेगी।
हालांकि, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा सामान्य रूप से जारी रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर केवल दूसरी मेट्रो लाइन में स्थानांतरण कर सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।डीएमआरसी द्वारा बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, झंडेवालान, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।
डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मेट्रो सेवाओं और स्टेशनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के अनुसार यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से बंद स्टेशनों की ओर जाने से बचें और डीएमआरसी द्वारा जारी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें।