नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि पाकिस्तान से संचालित 480 सोशल मीडिया हैंडल की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, ये हैंडल सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों और युवाओं को निशाना बनाकर अफवाहें, भ्रामक दावे और झूठी जानकारियां फैला रहे थे, जिससे समाज में भ्रम और अस्थिरता पैदा की जा सके।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर इन हैंडल्स की पहचान की गई और आवश्यक कार्रवाई करते हुए इन्हें ब्लॉक कराया गया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक कंटेंट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने नागरिकों, विशेष रूप से छात्रों और युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली किसी भी सूचना पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। किसी भी संवेदनशील या संदिग्ध जानकारी की सत्यता आधिकारिक स्रोतों से अवश्य जांचें, ताकि अफवाहों और दुष्प्रचार का हिस्सा बनने से बचा जा सके।