रामपुर। थाना शहजादनगर क्षेत्र के ग्राम रूपपुर निवासी रेखा रानी पत्नी मान सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि वर्ष 2025 में दर्ज एक आपराधिक मुकदमे में न्यायालय से आरोपी मुन्ना लाल पुत्र सिपाही लाल के विरुद्ध दो बार गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसमें पुलिस विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल कर चुकी है। इसके बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार मुकदमा वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहा है तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
रेखा रानी का कहना है कि उसने 16 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा यदि किसी स्तर पर उसे संरक्षण दिया जा रहा है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, थाना प्रभारी शहजादनगर कुलदीप राणा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कई बार दबिश दे चुकी है, लेकिन वह अपने घर से फरार है। उसकी तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।