हापुड़ की होनहार बेटी मारिया कश्यप को अखिलेश यादव ने किया सम्मानित, 21 हजार की प्रोत्साहन राशि भेंट
हापुड़। जनपद हापुड़ की होनहार बेटी एवं एस.ए. नेशनल इंटर स्कूल की कक्षा 6 की छात्रा मारिया कश्यप को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर सम्मानित किया। इस दौरान मारिया ने बुद्ध प्रकाश कश्यप के साथ शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान मारिया कश्यप ने अखिलेश यादव को बताया कि उन्होंने खो-खो एवं दौड़ प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक और प्रमाण पत्र अर्जित किए हैं। उनकी खेल प्रतिभा और उपलब्धियों से प्रभावित होकर अखिलेश यादव ने मारिया को ₹21,000 की प्रोत्साहन राशि तथा मिठाई भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मारिया कश्यप ने अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और इससे उन्हें भविष्य में खेलों में और बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह मिलेगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मारिया की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि हापुड़ की बेटियां खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। मारिया की सफलता अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है।