हस्तिनापुर (मेरठ)। ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी हस्तिनापुर के ग्राम अकबरपुर इच्छाबाद स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मां भद्रकाली धाम में शुक्रवार को श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां भद्रकाली एवं प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति गीतों, सुंदरकांड की चौपाइयों और "जय श्रीराम" व "जय मां भद्रकाली" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति विभाग के राज्य मंत्री दिनेश खटीक रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि भाजपा मेरठ जिलाध्यक्ष हरवीर पाल उपस्थित रहे।

दोनों अतिथियों ने मंदिर पहुंचकर मां भद्रकाली के दर्शन किए तथा महंत परणपुरी जी महाराज एवं आचार्य हरिओम शर्मा के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं महाआरती में सहभागिता की। इस दौरान प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।
संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भावपूर्ण वाचन प्रसिद्ध भजन गायक गगन शर्मा (बहसूमा) ने किया। उनके मधुर भजनों और चौपाइयों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु पूरे समय भक्ति में लीन होकर सुंदरकांड का श्रवण करते रहे।
सुंदरकांड पाठ एवं महाआरती के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने मां भद्रकाली के चरणों में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं क्षेत्र की उन्नति की कामना की।
इस अवसर पर राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि मां भद्रकाली धाम प्रदेश के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है। आषाढ़ एवं माघ माह में यहां लगने वाले मेले में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि मां भद्रकाली की असीम कृपा से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।


कार्यक्रम में भाजपा मेरठ जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, अनिल चपराणा, सोनू त्यागी, मंडल अध्यक्ष अमित शर्मा, राजीव चौधरी, ललित त्यागी, सोहनवीर सिंह, यशवीर सिंह, कमल सिंह, सोमनाथ पपनैजा, दर्शन भारद्वाज, महकार सिंह, वीर सिंह, गजेंद्र सिंह, मुनेन्द्र प्रधान, ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल, मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।