हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के डी-ब्लॉक स्थित एक मकान में दो दिन पूर्व हुई लाखों रुपये की चोरी का अब तक खुलासा न होने से व्यापारियों में भारी रोष है। शुक्रवार देर शाम राज्य जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक गोल मार्केट स्थित व्यापारी गोपाल कुकरेजा की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार और स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर चोरी की घटना की विस्तृत जानकारी ली।
व्यापारियों ने राज्य जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक को बताया कि अज्ञात चोर बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर ले गए थे। घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। इससे व्यापारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
मौके पर ही राज्य जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक ने थाना प्रभारी कमल शंकर त्रिवेदी को बुलाकर घटना की जांच और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को चोरी की घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करने के निर्देश दिए।
राज्य जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक ने क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया से भी फोन पर वार्ता कर मामले में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने थाना प्रभारी को पुलिस कार्रवाई तेज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि जल्द घटना का खुलासा नहीं हुआ तो मामले को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में लाया जाएगा।
इस दौरान गोल मार्केट के बड़ी संख्या में व्यापारी, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। व्यापारियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। राज्य जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि घटना का जल्द खुलासा कराया जाएगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।