राजगढ़ में दर्दनाक हादसा: तालाब में गिरी कार, 5 दोस्तों की मौत
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शाजापुर जिले के खुजनेर से खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रही कार भीलखेड़ी जोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद क्रेन और रस्सी की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला गया। कार के दरवाजे लॉक होने के कारण पिछला शीशा तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान शाजापुर जिले के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है।