उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पेपर लीक और नकल माफिया को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नकल माफिया इन्हीं दलों की देन है, जिसे उनकी सरकार मिट्टी में मिला देगी।
फतेहपुर सदर और अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹489 करोड़ से अधिक लागत की 125 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पेपर लीक और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कानून ला रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कानून में दोषियों के लिए न्यूनतम 10 वर्ष की सजा और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, विभिन्न स्टॉलों पर लोगों से बातचीत की और बच्चों को दुलार कर उन्हें खिलौने भेंट किए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही 'जय श्रीराम' और 'मोदी-योगी जिंदाबाद' के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।