हस्तिनापुर (मेरठ)। हस्तिनापुर के खादर क्षेत्र स्थित ग्राम चेतावाला बंगाली कॉलोनी के पास रविवार को एक विशाल अजगर ने एक बंदर को अपना निवाला बना लिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। लगातार दूसरे दिन अजगर के दिखाई देने से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि इसी अजगर ने एक दिन पहले एक कुत्ते को भी पकड़ लिया था, लेकिन उस समय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कुत्ते को सुरक्षित छुड़ा लिया था। इसके बावजूद अजगर क्षेत्र में ही मौजूद रहा और रविवार को उसने एक बंदर का शिकार कर लिया। घटना के बाद लोगों ने बच्चों और पशुओं को अकेले बाहर न भेजने की सलाह दी है।
घटना की सूचना मिलते ही खुशबू उपाध्याय को दी गई, जिसके बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करने का अभियान शुरू किया। वन विभाग के अनुसार अजगर को पकड़ने के बाद आबादी से दूर किसी बड़े और सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा, ताकि ग्रामीणों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रेस्क्यू अभियान में नितिन त्यागी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ टीम के सहयोग से अजगर को काबू में करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू टीम का सहयोग किया और लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि खादर क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जाए और ऐसे वन्यजीवों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।