बांदा। जिले में 13 वर्षीय किशोरी के अपहरण एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी एजाज के पैर में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत सामान्य है।


पुलिस के मुताबिक, घटना 24 जुलाई की है। किशोरी अपनी नानी के घर जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई थी। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नरेश और उसका साथी एजाज उसे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया।


बताया जा रहा है कि पीड़िता ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी के हाथ पर काट लिया और मौके से भाग निकली। इसके बाद वह पास स्थित एक ढाबे पर पहुंची, जहां मौजूद लोगों ने उसकी मदद की और पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर आरोपियों की घेराबंदी की गई। इस दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर हमला कर फरार होने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी एजाज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।