हरिद्वार: कांवड़ मेले के दौरान इस बार पहली बार साइबर कमांडो की तैनाती की जाएगी। मेले के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं, फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए वीडियो पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने के लिए साइबर कमांडो की तैनाती की जा रही है। उनका मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक, फर्जी और समाज में भ्रम या तनाव फैलाने वाले कंटेंट की पहचान कर उस पर तुरंत कार्रवाई करना होगा।

एसएसपी ने बताया कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के माध्यम से हरिद्वार पुलिस को साइबर कमांडो उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये कमांडो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखेंगे और अफवाह फैलाने या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली गलत सूचनाओं पर भी सख्ती से नियंत्रण रखा जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।