बहसूमा। नगर के समीप मेरठ पौड़ी मार्ग पर जीवा फार्म हाउस के समीप बिजली का पोल गिरने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार की शिनाख्त कराने के बाद उसका पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भेज दिया है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पवार ने बताया कि सोमवार की दोपहर उस समय एक बड़ा हादसा हो गया जब नगर पंचायत के कर्मचारी एक बिजली के पोल को खोल रहे थे। इसी दौरान रामराज की ओर से आ रहे एक बाइक सवार पर अचानक बिजली का यह पोल गिर गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


घायल की पहचान सुंदरलाल (45) पुत्र डालचंद, निवासी ग्राम सैदपुर, थाना भावनपुर, जनपद मेरठ के रूप में हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी घटना के कुछ देर बाद ही मौत हो गई। जब तक पुलिस उसे डॉक्टर के यहां लेकर पहुंची तब तक उसने अपना दम तोड़ दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मृतक की सिनाख कराने के बाद उसके शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है तथा जो भी व्यक्ति इस घटना में दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की जायेगी। हालांकि जब इस बाबत नगर के चैयरमेन सचिन सुकड़ी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नगर पंचायत को सोमवार की सुबह बिजली विभाग के एसडीओ मवाना का फोन आया था जिसमें उन्होंने सड़क किनारे लगे इस पल को हटवाने के लिए कहा था। चैयरमेन ने बताया कि उनकी गैर मौजूदगी में ही नगर पंचायत के ठेकेदार ने अस्थाई रूप से काम करने वाले एक व्यक्ति को उसे पोल को हटवाने के लिए भेजा था उसी दौरान यह हादसा हुआ है।