मेरठ मवाना : उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह
योजना' के तहत सोमवार, को छोटा मवाना के भगवती फार्म हाउस में एक भव्य और गरिमामयी सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन मेरठ के पर्यवेक्षण में संपन्न हुए इस आयोजन में कुल 116 जोड़ों का विवाह विधि-विधान से कराया गया, जिसमें 67 हिंदू और 49 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों से भारी संख्या में पात्र जोड़ों ने सहभागिता की। विकास खंडवार आंकड़ों के अनुसार, हस्तिनापुर से 18, खरखौदा से 7, माछरा से 21, मवाना से 16, परीक्षितगढ़ से 21 और रजपुरा से 08 जोड़े शामिल हुए। इसके अतिरिक्त, नगर पंचायत बहसुमा से 01, हस्तिनापुर से 04, खरखौदा से 01, किठौर से 03, मवाना से 06, परीक्षितगढ़ से 04, फलावदा से 02 और शाहजहांपुर से 04 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष मेरठ, गौरव चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्रीमती नूपुर गोयल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद व मंगलमय गृहस्थ जीवन की कामना की। अतिथियों ने कहा कि यह योजना समाज के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक जोड़े पर कुल 1 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 64,000 रुपये की धनराशि सीधे कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है, 21,000 रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी जाती है, और 15,000 रुपये विवाह आयोजन पर व्यय होते हैं।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, सभी संबंधित खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी अनिल कुमार व प्रवेश कुमार समेत समाज कल्याण विभाग के तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि आगामी 29 जुलाई 2026 को अवतार फार्म हाउस, कुराली (जानी) में भी सामूहिक विवाह का आयोजन प्रस्तावित है, जिसके लिए पात्र लोग आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।