गाजीपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अफजाल अंसारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शस्त्र लाइसेंसों में कथित अनियमितताओं की जांच के बाद गाजीपुर कोतवाली में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में मुख्तार अंसारी के परिवार के कुछ सदस्यों, गैंग-191 से जुड़े लोगों के साथ-साथ उस समय तैनात रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नामजद किया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा शस्त्र लाइसेंसों के सत्यापन और जांच के दौरान कई कथित अनियमितताएं सामने आईं। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी पूरे मामले में शस्त्र लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया, संबंधित दस्तावेजों और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि कथित अनियमितताओं में किन-किन लोगों की संलिप्तता रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को लेकर जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।



