श्रावण मास की तैयारियों का कमिश्नर व डीआईजी ने लिया जायजा, बृजघाट गंगा घाट का किया निरीक्षण
हापुड़। आगामी श्रावण मास के शुभारंभ एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों के मद्देनज़र कमिश्नर और डीआईजी ने जिलाधिकारी के साथ गढ़मुक्तेश्वर स्थित बृजघाट गंगा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गंगा घाट, स्नान स्थलों, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा एवं यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता तथा आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, जल पुलिस एवं गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।