श्रावण मास कांवड़ यात्रा एवं गुरु पूर्णिमा की तैयारियों का कमिश्नर-डीआईजी ने लिया जायजा

हापुड़। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 एवं गुरु पूर्णिमा गंगा स्नान को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ मंडल के आयुक्त तथा मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) ने सोमवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा स्नान घाटों, कांवड़ मार्ग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास और गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखें, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा और गंगा स्नान संपन्न कर सकें।