पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 11वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ उद्घाटन

हापुड़। भारत रत्न एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक 'मिसाइल मैन' डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर नगर पालिका परिषद हापुड़ द्वारा सिकंदर गेट स्थित उनकी प्रतिमा परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण, स्वच्छता एवं ग्रीन बेल्ट विकास कार्य का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी, उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी, उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज वाल्मीकि, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस.एम. अकरम तथा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सोशल वेलफेयर सोसाइटी के चेयरमैन मोहम्मद दानिश कुरैशी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से उद्घाटन कर पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के आयोजक मोहम्मद दानिश कुरैशी ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर, पुष्पगुच्छ एवं डॉ. कलाम की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर नरेंद्र खजूरी ने कहा कि डॉ. कलाम जैसे महान व्यक्तित्व की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हापुड़ में स्थापित डॉ. कलाम की प्रतिमा पूरे उत्तर प्रदेश में अपनी तरह की एकमात्र प्रतिमा है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।
वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज वाल्मीकि ने कहा कि डॉ. कलाम ने अपने वैज्ञानिक योगदान से भारत को नई शक्ति प्रदान की और देश को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी ने कहा कि उनके कार्यकाल में डॉ. कलाम की प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण होना उनके लिए गर्व का विषय है तथा उन्होंने इस पहल के लिए सोसाइटी की सराहना की।
कार्यक्रम में एस.एम. अकरम, डॉ. असलम फहीम, कुलदीप राठी, हेमंत मिश्रा, सौरभ ग्यास, दीपक मेरठ, रिजवान कुरैशी, अफरोज अख्तर, डॉ. मुशीर अहमद, खालिद जिलानी, आरिफ त्यागी, डॉ. दिलशाद अली, डॉ. असद सिद्दीकी, डॉ. आमिर अब्बासी सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियों ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके प्रेरणादायी जीवन और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।