नई दिल्ली: भारतीय तटरक्षक बल को अधिक आधुनिक और समावेशी बनाने की दिशा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दो महत्वपूर्ण नीतिगत सुधारों की घोषणा की है। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों की भर्ती और सेवा शर्तों में लैंगिक समानता और ड्यूटी के दौरान समुद्र में लापता होने वाले तटरक्षक कर्मियों के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया को सरल बनाने संबंधी नीतियां जारी कीं।
नई व्यवस्था के तहत महिला अभ्यर्थियों को पुरुषों के समान शॉर्ट सर्विस और परमानेंट अपॉइंटमेंट के अवसर मिलेंगे। साथ ही, सेवा में कार्यरत महिला अधिकारियों को भी पदोन्नति और परमानेंट अपॉइंटमेंट का विकल्प मिलेगा। दूसरी नीति के तहत ड्यूटी के दौरान समुद्र में लापता कर्मियों को अनुग्रह राशि के उद्देश्य से 'मृत मानने' की प्रक्रिया आसान होगी, जिससे उनके परिजनों को आर्थिक सहायता और अन्य लाभ समय पर मिल सकेंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि ये सुधार भारतीय तटरक्षक बल का मनोबल और परिचालन क्षमता दोनों को नई मजबूती देंगे।