रामपुर। थाना मिलकखानम पुलिस की तत्परता एवं स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से पीलाखार नदी में डूब रही एक महिला की जान बचा ली गई। पुलिस की इस मानवीय एवं त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को थाना मिलकखानम पुलिस को अजीमनगर मार्ग स्थित पीलाखार नदी में एक महिला के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कमल सिंह, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, महिला कांस्टेबल सरीता तथा पीआरवी-5959 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से बिना देर किए रेस्क्यू अभियान चलाया और महिला को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद महिला को तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जहां वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। इसके बाद नियमानुसार महिला के परिजनों को थाना मिलकखानम बुलाकर उन्हें महिला को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।

पूछताछ में परिजनों ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिसके चलते वह नदी तक पहुंच गई थी।

रामपुर पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं स्थानीय गोताखोरों के सराहनीय सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया। इस मानवीय कार्य के लिए स्थानीय नागरिकों एवं महिला के परिजनों ने पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।