सिम्स हापुड़ में ओआरएस सप्ताह पर जागरूकता अभियान, डायरिया से बचाव का दिया संदेश

हापुड़। सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस एंड हॉस्पिटल (सिम्स) के बाल रोग विभाग द्वारा ओआरएस सप्ताह-2026 के तहत दो दिवसीय जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों में डायरिया से होने वाले डिहाइड्रेशन की रोकथाम तथा ओआरएस के सही उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में एमबीबीएस अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने डिजिटल पोस्टर प्रस्तुत कर ओआरएस की सही तैयारी, उपयोग और डायरिया से बचाव के उपाय बताए। वहीं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, स्तनपान, संतुलित पोषण और समय पर ओआरएस देने का संदेश दिया। विभाग में पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें जिंक थेरेपी, डिहाइड्रेशन प्रबंधन और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर जानकारी दी गई।
पूरा कार्यक्रम बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें संकाय सदस्यों, इंटर्न्स, नर्सिंग स्टाफ और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। संस्थान की प्राचार्या डॉ. बरखा गुप्ता सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में रोकी जा सकने वाली बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समापन पर सभी से आह्वान किया गया कि "डिहाइड्रेशन से बचें, ओआरएस अपनाएं और हर बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करें।"