राजगढ़। राजगढ़ जिले के चर्चित देवचंद हत्याकांड में द्वितीय अपर सत्र न्यायालय ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए हत्या और साक्ष्य छिपाने के मामले में दोषी करार दिए गए शिवसिंह और बनेसिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। न्यायालय ने दोनों दोषियों पर ₹4,000 का अर्थदंड भी लगाया है।
अभियोजन के अनुसार, 14 दिसंबर 2023 की रात देवचंद घर से शिवसिंह की दुकान जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में दुकान पहुंचे, जहां वह गंभीर हालत में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने दोनों को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।