केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 10 और 20 रुपये के पॉलिमर बैंक नोट जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि आरबीआई ने फील्ड ट्रायल के लिए 10 रुपये और 20 रुपये के एक-एक अरब पॉलिमर नोट जारी करने का प्रस्ताव भेजा था। यदि यह ट्रायल सफल रहता है, तो दोनों मूल्यवर्ग के पॉलिमर नोटों का नियमित प्रचलन शुरू किया जाएगा।
पंकज चौधरी ने कहा कि आरबीआई के अनुसार अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों से यह सामने आया है कि पॉलिमर बैंक नोटों की आयु कागज़ के नोटों की तुलना में काफी अधिक होती है। ये नोट अधिक टिकाऊ होने के साथ-साथ लंबे समय तक उपयोग में रह सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल पॉलिमर नोटों की शुरुआत प्रारंभिक चरण में है। इनके नियमित प्रचलन के बाद ही यह आकलन किया जा सकेगा कि इनका डिजिटल भुगतान प्रणाली पर क्या प्रभाव पड़ता है।
वित्त राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि पॉलिमर बैंक नोट कागज़ के नोटों के साथ-साथ ही जारी किए जाएंगे। फिलहाल कागज़ के नोटों को पूरी तरह हटाकर उनकी जगह केवल पॉलिमर नोट लाने का सरकार या आरबीआई का कोई प्रस्ताव नहीं है।