नई दिल्ली: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर में श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। हरिद्वार से लेकर वाराणसी तक मंदिरों और घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना की और अपने गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
हरिद्वार के हर की पैड़ी पर 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। वहीं, वाराणसी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया।
गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन गुरु पूजन और गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने की विशेष परंपरा है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार और वाराणसी में प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख घाटों, मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।