जय भोले बम भोले के जयघोष के साथ शुरू हुआ श्रावण मास

अनादिकल्पेश्वर मंदिर में अखंड "ॐ नमः शिवाय" जप का हुआ शुभारंभ

आलोट।
जय भोले बम भोले के जयघोष के साथ गुरुवार से भगवान शिव की आराधना का पावन माह श्रावण प्रारंभ हो गया। सुबह से ही नगर सहित क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान अनादिकल्पेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर बिल्वपत्र, शमीपत्र एवं पुष्प अर्पित किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रावण मास की शुरुआत की।अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर में एक माह तक चलने वाले अखंड "ॐ नमः शिवाय" जप का शुभारंभ भी श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। आयोजन से पूर्व मंदिर समिति के सदस्य जीवनदायिनी माँ शिप्रा नदी पहुंचे, जहां विधिवत पूजन-अर्चन कर पवित्र जल कलश में भरकर मंदिर लाया गया। इसके पश्चात भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, महाआरती एवं महाप्रसादी का वितरण किया गया।मंदिर समिति के अनुसार अखंड "ॐ नमः शिवाय" जप पूरे श्रावण मास तक निरंतर चलता रहेगा। प्रतिदिन सायंकाल भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार, महाआरती एवं विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा। श्रावण के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।श्रावण मास को लेकर शिव भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। अनादिकल्पेश्वर मंदिर को आकर्षक विद्युत सजावट एवं फूलों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मंदिर समिति ने दर्शन, पूजा एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।वहीं नगर के अन्य शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सभी प्रमुख शिव मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है तथा पूरे श्रावण मास में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, भजन, महाआरती एवं विशेष आयोजन आयोजित किए जाएंगे।