मिलक। रामपुर आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रामपुर ने गुरुवार को थाना मिलक का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, अभिलेखों, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों तथा कांवड़ यात्रा समितियों के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उनका उद्देश्य आपसी समन्वय स्थापित कर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी मिलक एवं थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।