बरेली। पवित्र सावन माह के दौरान कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बरेली के सर्किट हाउस में बरेली एवं मुरादाबाद मंडल की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण और मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने की।

बैठक में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं।

महिला कांवड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर मिशन शक्ति के विशेष कैंप स्थापित किए गए हैं, जहां सुरक्षा के साथ-साथ आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

डीजीपी और मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप कांवड़ यात्रा को 'जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट' के लक्ष्य के साथ संपन्न कराया जाए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।