मथुरा। गोवर्धन थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी धार्मिक वेशभूषा धारण कर 'बाबा' के रूप में रह रहा था और लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहा था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने डींग बाईपास रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के 24 परगना निवासी भजो हरिदास (42) के रूप में हुई है, जो फिलहाल गोवर्धन क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गोवर्धन थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5m/6 के तहत मामला दर्ज है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
एसपी ग्रामीण सुरेश चन्द्र रावत ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। ऐसे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र के नेतृत्व में गोवर्धन थाना पुलिस की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।