NEET में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की छात्रा हर्षिता बंगारी का शानदार प्रदर्शन, 99.46 परसेंटाइल के साथ रचा इतिहास
हापुड़। जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की मेधावी छात्रा हर्षिता बंगारी ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-2026 में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है। हर्षिता ने परीक्षा में 720 में से 598 अंक प्राप्त करते हुए 99.46 परसेंटाइल हासिल की, जो उनकी कठिन मेहनत, लगन और उत्कृष्ट तैयारी का परिणाम है।
छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल पहुंचने पर हर्षिता का फूल-मालाओं एवं मिठाई खिलाकर जोरदार स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निधि मलिक ने हर्षिता एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रा की अथक मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि हर्षिता की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन के डॉ. आयुष सिंघल एवं डॉ. रोहन सिंघल ने भी हर्षिता की सफलता पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षकों के समर्पण और छात्रों की मेहनत के बल पर जेएमएस वर्ल्ड स्कूल लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने हर्षिता के सफल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करने की कामना की।