17 जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग, निषाद पार्टी ने निकाला जुलूस
गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़। निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को 17 जातियों को अनुसूचित जाति (एससी) में शामिल किए जाने की मांग को लेकर जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड की तर्ज पर इन 17 जातियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने की मांग उठाई। साथ ही अनुसूचित जाति का आरक्षण (कोटा) बढ़ाकर 30 प्रतिशत किए जाने की भी मांग की।
जुलूस के उपरांत निषाद पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया के फार्म हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर संबंधित जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देने तथा आरक्षण बढ़ाने की मांग की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डीपी निषाद, निषाद द ग्रेट युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष कुलदीप निषाद, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुंदर निषाद, अशोक निषाद, महेश केवट, चमन सिंह कश्यप, ऋतिक निषाद, सुखदेव निषाद, दीपांशु निषाद, सनी निषाद, दिलपाल निषाद, शिवदत्त निषाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो निषाद समाज आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।